Thursday, February 5, 2026
spot_img
Homeदिल्ली-एनसीआरSeemapuri Murder Case: सीमापुरी में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने...

Seemapuri Murder Case: सीमापुरी में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

Seemapuri Murder Case: सीमापुरी में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां 24 वर्षीय युवक वीरेश की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वीरेश, जो दिलशाद गार्डन के ई-पॉकेट, मकान संख्या 211 में अपने परिवार के साथ रहता था, पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। उसे गर्दन, पेट और छाती पर तीन गंभीर घाव लगे थे।

डीसीपी प्रशांत गौतम के अनुसार, घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक सूचना के आधार पर सीमापुरी थाने में पहले हत्या के प्रयास की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन वीरेश की मौत के बाद इसे धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) में परिवर्तित कर दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के समय वीरेश अपनी मित्र भावना (33) के साथ डियर पार्क में था। भावना ने अपने बयान में बताया कि कुछ बदमाशों ने उन पर हमला किया और लूटपाट की कोशिश भी की। पुलिस अब हत्या के साथ-साथ लूट की भी संभावना की जांच कर रही है।

मृतक वीरेश एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही उसका परिवार और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे, जहां मातम और आक्रोश का माहौल बन गया। सीमापुरी थाना पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।

डीसीपी शाहदरा ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी और घटना को रोका जा सके। इस सनसनीखेज वारदात ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है, जो अब पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments