Shastri Park Murder: उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क में 11 वर्षीय बच्चे की पेचकस से गोदकर निर्मम हत्या सौतेले पिता पर आरोप
उत्तर पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 11 साल के मासूम बच्चे की पेचकस जैसे नुकीले औजार से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक बच्चे का शव सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। इस जघन्य हत्या का आरोप बच्चे के ही सौतेले पिता पर लगा है, जिसने पारिवारिक विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मृतक बच्चे की पहचान अल्तमश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अल्तमश रोज़ की तरह स्कूल गया था लेकिन वापस घर नहीं लौटा। देर रात तक जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार के लोग परेशान होते रहे। मृतक के बड़े भाई अमन ने बताया कि रात करीब तीन बजे उसके सौतेले पिता वाजिद ने फोन कर कहा कि उसने अल्तमश की हत्या कर दी है और उसका शव झाड़ियों में फेंक दिया गया है। अमन को शुरुआत में इस बात पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन सुबह करीब छह बजे वाजिद ने अल्तमश के शव की तस्वीर भेज दी। इसके बाद परिवार ने तलाश शुरू की तो सड़क किनारे झाड़ियों में बच्चे का शव बरामद हुआ।
परिजनों का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था और इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अल्तमश की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या में पेचकस जैसे औजार का इस्तेमाल किया गया, जिससे बच्चे के शरीर पर कई वार किए गए। परिजनों ने यह भी दावा किया कि बच्चे की एक आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया है, ताकि मौत के कारणों की विस्तृत पुष्टि हो सके। उत्तर पूर्वी दिल्ली के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।



