East Delhi crime: त्रिलोकपुरी में मामूली विवाद बना खूनी वारदात, मोबाइल चार्ज करने से मना करने पर दुकानदार की चाकू मारकर हत्या
राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं, जहां अब छोटी-छोटी बातों पर भी लोग हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे हैं। ताजा मामला पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके के 13 ब्लॉक का है, जहां एक दुकानदार को सिर्फ इसलिए जान गंवानी पड़ी क्योंकि उसने कुछ युवकों का मोबाइल चार्ज करने से मना कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार त्रिलोकपुरी के 13 ब्लॉक में वीर सिंह नामक व्यक्ति ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था। रोज की तरह वीर सिंह अपने सहयोगी रामकिशन के साथ दुकान पर मौजूद था। सोमवार रात करीब 9:30 बजे तीन युवक दुकान पर पहुंचे और वीर सिंह से अपना मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए कहा।
वीर सिंह ने उन्हें यह कहते हुए मना कर दिया कि वह उन्हें नहीं जानता और उसे आशंका है कि मोबाइल चोरी का हो सकता है, जिससे उसे कानूनी परेशानी में पड़ना पड़ सकता है। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने आपा खो दिया और देखते ही देखते वीर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। जब वीर सिंह का सहयोगी रामकिशन उसे बचाने के लिए आगे आया तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से कई वार किए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वीर सिंह पर करीब आधा दर्जन से ज्यादा बार चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रामकिशन भी इस हमले में बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन लोगों का आरोप है कि मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही और किसी ने भी दोनों घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि वीर सिंह और रामकिशन को तुरंत इलाज मिल जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने वीर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामकिशन का इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली में कानून व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



