Azam Khan Bail: आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत, ED के मनी लॉन्ड्रिंग केस में राहत, सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में एजेंसी
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाईकोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है। इस फैसले के बाद आजम खान के जेल से बाहर आने का रास्ता खुल गया है। मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।
न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह-प्रथम की खंडपीठ ने कहा कि पहली नजर में गिरफ्तारी के वक्त संविधान के अनुच्छेद 22(1) और PMLA की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं हुआ। आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और इमरान उल्लाह ने पैरवी की।
अदालत ने आदेश दिया है कि आजम खान को निजी मुचलके और उतनी ही राशि की दो जमानतें देने पर रिहा किया जाए। जमानत बॉन्ड गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की संतुष्टि के अनुसार भरने होंगे।
उधर, ED इस फैसले से संतुष्ट नहीं है और हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है। एजेंसी इस मामले में आजम खान की रिहाई का विरोध करती रही है।
इसी दिन फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में भी आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली। शीर्ष अदालत ने उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने के हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा और यही राहत उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को भी दी।
बता दें कि दो पैन कार्ड मामले में सजा पर रोक लगने के बाद आजम खान 31 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे रामपुर जेल से रिहा हुए थे, लेकिन करीब 40 मिनट बाद ही ED ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। ED के मुताबिक यह मामला रामपुर की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट के 426.46 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है।



