Homeक्राइमJama Masjid police attack: दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में काउंसलिंग के लिए...

Jama Masjid police attack: दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाए गए शख्स ने पुलिसकर्मियों पर किया चाकू से हमला, जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल

Jama Masjid police attack: दिल्ली: जामा मस्जिद थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाए गए शख्स ने पुलिसकर्मियों पर किया चाकू से हमला, जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल

दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब काउंसलिंग के लिए बुलाए गए एक शख्स ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय नबील के रूप में हुई है, जो जामा मस्जिद इलाके के काला महल का रहने वाला है।

जानकारी के मुताबिक, नबील की मां और बहन ने उसके खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वह दोनों को परेशान करता है। इसी शिकायत के सिलसिले में पुलिस ने उसे काउंसलिंग के लिए सोमवार को थाने बुलाया था।

पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 2:30 बजे थाने में पुलिसकर्मियों से बातचीत चल रही थी, तभी नबील ने अचानक चाकू निकाला और वहां मौजूद स्टाफ पर टूट पड़ा। हमले में पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं।

इस हमले में एसआई अजय, एसआई अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एएसआई श्री कृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। पांचों घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया।

हमले के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, भागने के लिए उसने रास्ते में एक व्यक्ति से उसका स्कूटर भी छीन लिया। इसके बाद सेंट्रल जिले की AATS और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने आरोपी को चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली कबर इलाके में ट्रैक कर लिया। शाम करीब 4:30 बजे जब टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक बार फिर चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

इस दूसरे हमले में स्पेशल स्टाफ के चार पुलिसकर्मी, कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल जयंत, कांस्टेबल लोकेश और कांस्टेबल परमिंदर घायल हो गए। इन सभी को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी से गंभीर खतरा होने के बावजूद टीम ने संयम के साथ कार्रवाई की और उसे काबू में करने के लिए नियंत्रित फायरिंग की। सभी गोलियां कमर के नीचे निशाना बनाकर चलाई गईं। कुल आठ राउंड फायर किए गए, जिनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, नबील के खिलाफ पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज है। साल 2022 में दयालपुर थाने में उसके खिलाफ IPC की धारा 324 के तहत केस दर्ज हुआ था। इस पूरी घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और जामा मस्जिद व चांदनी महल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments