Gandhi Nagar shop fire: गांधी नगर की नेहरू गली में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग, मेक-4 कॉल के बाद करीब सवा घंटे में पाया गया काबू
पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में सोमवार सुबह रेडीमेड कपड़ों की एक दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग नेहरू गली स्थित एक इमारत के भूतल पर चल रही रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में लगी थी।
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 8:55 से 8:56 बजे के बीच गांधी नगर की नेहरू गली में फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। यह इलाका गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में आता है।
सूचना मिलते ही स्टेशन ऑफिसर अनूप सिंह के नेतृत्व में दमकल की पांच वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और एक मल्टीपल कॉल फायर रिस्पॉन्स वाहन मौके के लिए रवाना किए गए।
मौके पर पहुंचने के बाद आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने संसाधन बढ़ाए। सुबह 9:15 बजे ‘मेक-4’ का संदेश जारी किया गया।
इसके बाद मौके पर कुल सात वाटर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक मल्टीपर्पज वाहन, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और एक मल्टीपल कॉल फायर रिस्पॉन्स वाहन तैनात किए गए। अभियान में एडीओ दीपक हुड्डा और एसटीओ अनूप सिंह ने मोर्चा संभाला, बाद में एडीओ फिरोज खान भी इसमें शामिल हुए।
दमकल अधिकारियों के मुताबिक जिस इमारत में आग लगी, वह भूतल समेत चार मंजिला है और करीब 35 वर्ग गज क्षेत्र में बनी है। आग इसके ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान में लगी थी।
दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 10:10 बजे एडीओ दीपक की ओर से आग पर काबू पाने का संदेश दिया गया। इसके बाद 10:20 बजे एडीओ फिरोज खान ने ऑपरेशन समाप्त होने की सूचना दी।
राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग के मुताबिक इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन अभी किया जाना बाकी है।



