Delhi Crime: दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन कवच 9.0: 15 जिलों में बड़ी कार्रवाई, 92 ड्रग अपराधी गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी के सभी 15 जिलों में ऑपरेशन कवच 9.0 के तहत व्यापक कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान 87 एनडीपीएस मामलों में 92 नारको-आपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के ड्रग्स और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस ने 307 ग्राम हेरोइन, 33.165 किलोग्राम गांजा, 67 ग्राम हाइब्रिड गांजा, 610 ग्राम चरस, 22.25 ग्राम एमडीएमए, 2.26 ग्राम एलएसडी और 12.17 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
इसके अलावा, दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 275 मामलों में 279 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 73 बीयर की बोतलें और 50,060 क्वार्टर अवैध शराब भी बरामद की गई। आबकारी अधिनियम की धारा 40 ए और बी के तहत कुल 1183 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है।
शस्त्र अधिनियम के तहत भी 61 मामलों में 65 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 4 अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, 9 देसी पिस्तौल/कट्टे, 9 जिंदा कारतूस और 41 चाकू जब्त हुए।
जुआ अधिनियम के 48 मामलों में 83 लोगों को ₹1,19,840 नकद के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा 10 घोषित अपराधी और 9 वाहन चोर गिरफ्तार किए गए, जिनके कब्जे से 6 चोरी की स्कूटी और 8 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
अपराध नियंत्रण के तहत कुल 1685 वाहनों को डीपी अधिनियम की धारा 66 के तहत जब्त किया गया।
सुरेंद्र कुमार, ज्वाइंट सीपी क्राइम ब्रांच ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य राजधानी में अपराध को जड़ से खत्म करना और सुरक्षित माहौल बनाना है।



