Delhi Crime: शकरपुर में पुलिस ने पकड़ा ठग गिरोह, iPhone और हजारों की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में पुलिस ने एक ऐसे ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो भोले-भाले लोगों को झूठी कहानियों में फंसाकर लूटपाट करता था। इस गिरोह के सदस्य लोगों की भावनाओं और लालच का फायदा उठाकर उनसे मोबाइल, पैसे और बैंक डिटेल्स हड़प लेते थे। पुलिस ने इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।
घटना का शिकार बने शिकायतकर्ता मोहम्मद ओवैस ने बताया कि वे मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर मौजूद थे, तभी करीब 12 वर्षीय एक बच्चा उनके पास आया और कहा कि वह अपने मालिक से रुपये चुराकर भागा है और उसके पास बैग में लाखों रुपये हैं। बच्चा बड़ी ही मासूमियत से ओवैस से मदद मांगने लगा। इस पर ओवैस उसकी बातों में आ गए और उसी दौरान वहां दो और युवक आ पहुंचे।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने चतुराई से बातचीत में उन्हें उलझाया और मौके का फायदा उठाकर उनका फोन और यूपीआई पिन हासिल कर लिया। इसके बाद जब ओवैस लक्ष्मीनगर मेट्रो स्टेशन पहुंचे तो आरोपियों ने उनका महंगा iPhone-15 ले लिया और वहां से फरार हो गए।
बाद में पता चला कि आरोपियों ने उसी फोन का इस्तेमाल करके ओवैस के अकाउंट से करीब 40 हजार रुपये की ठगी की और यहां तक कि उससे एक साइकिल तक खरीद डाली। ठगी का शिकार बने ओवैस ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
शकरपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम बनाई और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। पुलिस ने बिलाल और राहुल नामक दो आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का तीसरा साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह खासतौर पर भीड़भाड़ वाले मेट्रो स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय रहता था और भोले-भाले लोगों को अपने झांसे में फंसाता था। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति की ऐसी बातों पर विश्वास न करें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।



