Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Dog Attack: दिल्ली के लक्ष्मी नगर में कुत्ते का आतंक, 5...

Delhi Dog Attack: दिल्ली के लक्ष्मी नगर में कुत्ते का आतंक, 5 साल का बच्चा और सब्जीवाला घायल, डॉग्स लवर ने किया हंगामा

Delhi Dog Attack: दिल्ली के लक्ष्मी नगर में कुत्ते का आतंक, 5 साल का बच्चा और सब्जीवाला घायल, डॉग्स लवर ने किया हंगामा

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। ताज़ा घटना पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से सामने आई है, जहां एक 5 वर्षीय मासूम बच्चा और एक सब्जी बेचने वाला व्यक्ति कुत्ते के हमले का शिकार हो गए। लोगों ने बड़ी मुश्किल से बच्चे को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन इसी बीच कथित डॉग्स लवर ने कुत्ते की पिटाई को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इन लोगों को बच्चे की बजाय कुत्ते की चिंता ज्यादा थी।

पीड़ित बच्चे के पिता दिनेश उप्रेती ने बताया कि रविवार को वे अपने पांच वर्षीय बेटे को लेकर लक्ष्मी नगर थाने के पुलिस क्वार्टर में रहने वाले परिचित ओमवीर से मिलने जा रहे थे। तभी अचानक पीछे से एक आवारा कुत्ते ने उनके बेटे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने मासूम के हाथ, पैर और कमर को बुरी तरह काट डाला। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद ओमवीर दौड़े और साहस दिखाते हुए बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया, जिससे उसकी जान बच सकी। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कुत्ता पहले भी कई लोगों को निशाना बना चुका है। घटना से पहले भी यही कुत्ता सब्जी बेचने वाले खेमपाल पर हमला कर चुका था। खेमपाल ने बताया कि वह रोज़ की तरह सब्जियां बेच रहे थे, तभी कुत्ता अचानक उन पर टूट पड़ा और उन्हें भी गंभीर चोटें आईं। उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग गली-मोहल्लों में निकलने से डर रहे हैं।

बच्चे की मां नेहा ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब लोगों ने बच्चे को बचाने के लिए कुत्ते को भगाया और मारने की कोशिश की, तो इलाके के कथित डॉग्स लवर मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। नेहा ने आरोप लगाया कि इन लोगों को इंसानों की जान से ज्यादा चिंता कुत्ते की जान की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक मासूम खून से लथपथ था, तब डॉग्स लवर को उसकी फिक्र क्यों नहीं हुई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों का आतंक दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है और प्रशासन को इस दिशा में तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments