Homeक्राइमDelhi Crime: दिल्ली साइबर पुलिस ने PhonePe कस्टमर केयर बनकर ठगी करने...

Delhi Crime: दिल्ली साइबर पुलिस ने PhonePe कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

Delhi Crime: दिल्ली साइबर पुलिस ने PhonePe कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर थाना टीम ने ऑनलाइन फ्रॉड के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए दो ठगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह खुद को PhonePe कस्टमर केयर बताकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने इनके कब्जे से नकद रकम, मोबाइल फोन, बैंक खाते और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

मामला वसुंधरा एनक्लेव निवासी कमला पति राम की शिकायत पर दर्ज हुआ था। पीड़ित ने अपने खाते से संबंधित समस्या का समाधान पाने के लिए गूगल सर्च पर PhonePe का कस्टमर केयर नंबर ढूंढा। लेकिन उन्हें जो नंबर मिला वह फर्जी था। जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया तो ठगों ने उन्हें एक नकली ऐप डाउनलोड करने को कहा। ऐप इंस्टॉल होते ही पीड़ित का बैंक खाता साइबर अपराधियों के नियंत्रण में चला गया और देखते ही देखते 13.85 लाख रुपये उनके खाते से उड़ा लिए गए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की गई रकम में से करीब 2 लाख रुपये उमर मुख्तार नामक शख्स के बैंक खाते में जमा हुए हैं। तकनीकी निगरानी, बैंक ट्रांजैक्शन की जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के विश्लेषण के बाद पुलिस टीम ने उमर मुख्तार (57) और उसके सहयोगी असलम उर्फ बाबा उर्फ मोहम्मद साहिर काज़मी (26) को उत्तमनगर इलाके से दबोच लिया।

पुलिस ने उनके पास से 1.90 लाख रुपये नकद, 6 बैंक खाते, कई मोबाइल फोन और अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उमर मुख्तार के खाते में रकम जमा की जाती थी जबकि असलम बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराता था, ताकि धोखाधड़ी को अंजाम दिया जा सके।

डीसीपी ईस्ट अभिषेक धनिया ने बताया कि यह साइबर गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। आरोपियों ने कबूल किया है कि वे कई और लोगों को इसी तरह ठग चुके हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और अन्य पीड़ितों की संख्या कितनी है।

इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि गूगल सर्च पर मिलने वाले हेल्पलाइन नंबर पर आंख मूंदकर भरोसा करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी कंपनी या बैंक के कस्टमर केयर से जुड़ने के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल एप्लिकेशन का इस्तेमाल करना चाहिए।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अगर कभी किसी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी का सामना हो तो तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें और नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। समय पर की गई कार्रवाई से कई बार पूरी रकम को वापस भी पाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments