Faridabad: ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटी में डॉग लवर्स और सुरक्षाकर्मी में भिड़ंत, महिला गार्ड घायल
ग्रेटर फरीदाबाद की प्रिंसेस पार्क सोसायटी में शनिवार देर रात उस समय तनाव फैल गया जब डॉग लवर्स और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस विवाद में एक महिला सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई। खेड़ीपुल थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हुई हाथापाई साफ दिखाई दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल महिला गार्ड पूनम, जो बल्लभगढ़ की भीकम कॉलोनी की निवासी है, रात करीब 12 बजे सोसायटी के मुख्य गेट पर ड्यूटी कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-17 निवासी विपुल चौहान अपनी पत्नी त्रिवेणी के साथ सोसायटी गेट पर पहुंचा। गार्ड पूनम ने उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत गेट पास दिखाने और एंट्री औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कहा। इसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान सोसायटी की अन्य निवासी दिव्या नायक और सुनीता भी मौके पर आ गईं और उन्होंने विपुल और त्रिवेणी को अंदर ले जाने का प्रयास किया। रोकने पर विपुल ने महिला गार्ड पूनम को धक्का दे दिया, जिससे वह गिर गई। आरोप है कि उसकी पत्नी त्रिवेणी ने गुस्से में आकर पेचकस से पूनम की जांघ पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गार्ड को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष ने बिल्कुल अलग बयान दिया। उनका कहना है कि गार्ड ने त्रिवेणी का बाल पकड़कर उसे गिराया और पिटाई की। विपुल का कहना है कि वह केवल पत्नी को बचाने के लिए बीच में आया था, लेकिन विवाद अचानक बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति बन गई।
इस बीच, मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं।
फरीदाबाद पुलिस के पीआरओ यशपाल सिंह ने बताया कि घायल महिला गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने विपुल चौहान, उसकी पत्नी त्रिवेणी और सोसायटी की निवासी दिव्या नायक के खिलाफ मारपीट, चोट पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब वायरल वीडियो, चश्मदीद गवाहों और घटनास्थल से जुटाए सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



