Child Rescue: दिल्ली पुलिस की सतर्कता से लापता बच्ची मथुरा से सकुशल बरामद, परिवार में खुशी की लहर
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई 10 वर्षीय अंशिका शर्मा उर्फ गन्नू को दिल्ली पुलिस ने अपनी सतर्कता और तत्परता के दम पर मथुरा से सकुशल बरामद कर लिया। यह बच्ची 09 सितंबर 2025 को अपने घर शशि गार्डन, मयूर विहार फेज-1 से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने तुरंत पांडव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गहन और व्यवस्थित जांच शुरू की।
पांडव नगर थाना की टीम ने अंशिका की खोज के लिए हर संभव प्रयास किए। एएसआई राजेंद्र कुमार और उनकी टीम ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आस-पास के बस अड्डों के करीब 20 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इसके साथ ही स्थानीय धार्मिक स्थलों, आश्रमों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों में भी बच्ची की सूचना साझा की गई और तलाश तेज़ कर दी गई।
लगातार मेहनत और सतर्कता के बाद पुलिस टीम को सफलता हाथ लगी। बच्ची को वृंदावन स्थित वत्सलय ग्राम, निरा माधव रिजॉर्ट और स्वामी प्रमाणंद प्रकृति चिकित्सालय से सुरक्षित बरामद किया गया। इस कार्यवाही में शामिल अधिकारियों और टीम की तत्परता को स्थानीय लोगों ने सराहा और उनकी प्रशंसा की।



