Loudspeaker Permission: दिल्ली में अब 12 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने की छूट, नवरात्रि को लेकर रेखा सरकार का फैसला
दिल्ली सरकार ने नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक आयोजनों और कार्यक्रमों में लाउडस्पीकर बजाने की समयसीमा को बढ़ा दिया है। पहले यह सीमा रात 10 बजे तक थी, लेकिन अब इसे देर रात 12 बजे तक कर दिया गया है। यह विशेष छूट 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लागू रहेगी। सरकार का कहना है कि इस फैसले से नवरात्रि और अन्य त्योहारों में आयोजित होने वाले भजन, कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संचालित करने में आसानी होगी।
दिल्ली में पहले से निर्धारित नियमों के अनुसार लाउडस्पीकर रात 10 बजे तक ही बजाए जा सकते थे, लेकिन त्योहारों के महत्व को देखते हुए समय सीमा बढ़ाई गई है। सरकार का उद्देश्य लोगों को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में अधिक सुविधा प्रदान करना है, ताकि नवरात्रि का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जा सके।
इसी बीच भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मरवाह ने नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों को बंद करने की मांग उठाई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के लिए नवरात्रि में मीट बेचने वाली सभी दुकानों को बंद किया जाना चाहिए। मरवाह ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र भेजेंगे और बजरंग दल व हनुमान दल की मदद से दुकानों को बंद कराने का प्रयास करेंगे।
सरकार के इस फैसले को लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों ने संतोष जताया है और उम्मीद जताई है कि नवरात्रि का पर्व इस बार और भी भव्य तरीके से मनाया जाएगा।



