MCD Corruption: MCD में अंडर हिल रोड प्रोजेक्ट को लेकर ‘आप’ का भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप
दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर भाजपा शासित MCD पर गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने कहा कि कल हुई MCD की स्टैंडिंग कमेटी बैठक में “अंडर हिल रोड” का एजेंडा तीसरी बार लाया गया, जबकि यह ज़मीन एक निजी बिल्डर की है। ‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा निगम ने इस प्रॉपर्टी को अवैध तरीके से लेआउट प्लान में शामिल कर एजेंडा पास कराने की कोशिश की। आप नेताओं के अनुसार, इस ज़मीन से जुड़ा मामला वर्ष 2004 से विवादित है और इस पर अदालत में केस भी चल चुका है। प्रेसवार्ता में बताया गया कि प्रॉपर्टी का खसरा नंबर भी गलत बताया गया है। जहां वास्तविक ज़मीन 11,800 गज की है, वहीं दस्तावेज़ों में मात्र 5,400 गज दर्ज की गई।
पार्टी का कहना है कि वर्ष 2021 में नॉर्थ MCD ने इसी प्रस्ताव को रिजेक्ट कर दिया था, लेकिन भाजपा के मेयर और स्थायी समिति अध्यक्ष ने इसे फिर से पेश कर पास कर दिया। आरोप यह भी लगाए गए कि इस प्रोजेक्ट में भारी वित्तीय लेनदेन हुआ है, जिसमें भाजपा के वरिष्ठ निगम पदाधिकारी, मेयर और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन तक शामिल हैं। ‘आप’ ने कहा कि भाजपा को न तो कर्मचारियों की मांगों की परवाह है और न ही शहर की सफाई व्यवस्था या मच्छरजनित बीमारियों से निपटने की। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सिर्फ निजी बिल्डरों को फायदा पहुँचाने में व्यस्त है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि भाजपा में भ्रष्टाचार कोई नई बात नहीं है; 15 साल पहले भी उसने यही किया था और अब निगम में सत्ता में आने के बाद वही इतिहास दोहरा रही है। आप नेताओं ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।



