Delhi Encounter: दिल्ली में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 36 में क्राइम ब्रांच की टीम और कुख्यात अपराधी हमजा के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में मेरठ के एक हत्या मामले में वांछित हमजा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल अवस्था में उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हमजा के खिलाफ 10 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह वही हमजा है जिसने कुछ महीने पहले मेरठ में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की थी। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे उसके साथी जुल्मकर ने रिकॉर्ड किया था।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस वक्त जुल्मकर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन हमजा फरार हो गया था। वह हत्या के बाद से ही दिल्ली में छिपा हुआ था और लगातार पुलिस की गिरफ्त से बचने की कोशिश कर रहा था। दिल्ली क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को गुप्त सूचना मिली कि हमजा रोहिणी सेक्टर 36 के पास किसी से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में जाल बिछाया और जब हमजा वहां पहुंचा, तो पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। खुद को घिरा देखकर हमजा ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें हमजा के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत काबू में लेकर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमजा दिल्ली में नकली पहचान के सहारे रह रहा था और अपनी लोकेशन बार-बार बदल रहा था ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके। अब क्राइम ब्रांच उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई चेन के बारे में जानकारी मिल सके। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



