Isis Terrorist Adnan: दिल्ली में गिरफ्तार ISIS आतंकी अदनान ने ज्ञानवापी मस्जिद सर्वे जज को दी धमकी
दिल्ली पुलिस ने ISIS आतंकी अदनान को गिरफ्तार किया है, जिसने वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद परिसर का वीडियो सर्वे कराने वाले जज को धमकी दी थी। भोपाल का रहने वाला अदनान इंस्टाग्राम पर जज की फोटो के ऊपर “काफिर” लिखा और उन्हें मारने के लिए उकसाने वाली पोस्ट साझा करता था। इस मामले में लखनऊ के गोमती नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और यूपी पुलिस ने इसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम एक्ट (UAPA) भी लगाया।
अदनान को 4 जून 2024 को भोपाल से गिरफ्तार किया गया था। यूपी पुलिस ने उसे दस दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी, जिसके बाद 26 सितंबर 2024 को उसे जमानत मिल गई। पुलिस पूछताछ में अदनान ने बताया कि जमानत मिलने के बाद उसने चरमपंथी सामग्री पोस्ट करने और समान विचारधारा वाले युवकों को भर्ती करने की गतिविधियों में तेजी ला दी।
अदनान ने 12वीं के बाद ही जिहादी पेज और चैनलों को फॉलो करना शुरू किया था और इस दौरान ISIS की विचारधारा से प्रभावित हो गया। करीब सात महीने पहले ही वह दिल्ली के मोहम्मद अदनान के संपर्क में आया। मोहम्मद अदनान ने पुलिस को बताया कि 2023 में सादिक नगर के सरकारी फ्लैट्स में रहने के बाद उसने इंस्टाग्राम पर कट्टरपंथी पेज फॉलो करना शुरू किया और एक ग्रुप में शामिल हो गया, जिसमें शुरुआत में 25-30 सदस्य थे।
सीरिया स्थित ISIS हैंडलर अबू इब्राहिम अल-कुरैशी ने अदनान और समूह को ISIS से संबंधित वीडियो, फोटो और पीडीएफ उपलब्ध कराई। इन सामग्रियों और संपर्कों से प्रभावित होकर अदनान ने ISIS खलीफा के प्रति निष्ठा की शपथ ली और इसका वीडियो भी बनाया। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है और संभावित आतंकवादी नेटवर्क को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।



