GRAP 3 Lifted: दिल्ली-एनसीआर को प्रदूषण से राहत, AQI सुधरने पर हटीं ग्रैप-3 की पाबंदियां, स्टेज 1 और 2 के नियम जारी
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हवा की गुणवत्ता में लगातार सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां हटाने का फैसला किया है। मंगलवार को दिल्ली का औसत AQI 204 दर्ज किया गया।
CAQM की GRAP सब-कमेटी ने रोजाना के AQI आंकड़ों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया। आयोग ने साफ किया है कि ग्रैप के पहले और दूसरे चरण के तहत लागू सभी नियम और प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे, ताकि हवा फिर से खराब न हो।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए एहतियातन ग्रैप-3 लागू किया गया था। इसके तहत दिल्ली में BS-III या उससे पुराने पेट्रोल वाहनों और BS-IV या उससे पुराने डीजल वाहनों के चलने पर रोक लगाई गई थी। यह नियम बाहर से आने वाली गाड़ियों पर भी लागू था।
डीजल से चलने वाले भारी और हल्के कमर्शियल वाहनों पर भी सख्ती की गई थी। धूल फैलाने वाले निर्माण कार्य, स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों पर पाबंदी थी। पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में चलाने के निर्देश दिए गए थे।
इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों को घर से काम करने को लेकर भी निर्देश जारी हुए थे। ये पाबंदियां नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में भी लागू थीं। अब ग्रैप-3 हटने के बाद इन गतिविधियों को राहत मिलेगी, हालांकि प्रशासन ने लोगों से प्रदूषण कम करने में सहयोग की अपील की है।



