Delhi Crime: कल्याणपुरी में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, परिजनों ने पति पर लगाया गंभीर आरोप
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के 11 ब्लॉक इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर की पहली मंजिल पर पंखे से लटकी मिली। महिला की पहचान 34 वर्षीय दलजीत कौर के रूप में हुई है, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दलजीत कौर की कुछ समय पहले ही इलाके में रहने वाले रिक्की नाम के युवक से लव मैरिज हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही रिक्की दलजीत को मारता-पीटता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों के मुताबिक, दलजीत काफी समय से परेशान चल रही थी।
कुछ महीने पहले उसने एक वीडियो भी बनाया था जिसमें उसने अपने पति रिक्की के अत्याचारों का जिक्र किया था। वीडियो में दलजीत ने साफ कहा था कि वह लगातार हिंसा और उत्पीड़न का सामना कर रही है, लेकिन इसके बावजूद रिक्की का व्यवहार नहीं बदला। परिजनों का कहना है कि बीते 22 अक्टूबर को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ जो मारपीट में बदल गया। दलजीत की मां के मुताबिक, रिक्की ने घटना वाले दिन उसे गली में सबके सामने बुरी तरह मारा-पीटा था। कुछ ही देर बाद परिवार को खबर मिली कि दलजीत ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि दलजीत पंखे से लटकी हुई थी। परिवार का आरोप है कि कमरे में ऐसा कोई सामान मौजूद नहीं था जिससे वह 11 फीट ऊंचे पंखे तक पहुंच पाती, इसलिए उन्हें शक है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।
परिवार का कहना है कि रिक्की ने दलजीत को जान से मारने की कोशिश की है और अब वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए गए हैं और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।



