Guru Nanak Dev Jayanti: मयूर विहार फेस-1 में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकला नगर कीर्तन, सभी धर्मों के लोगों ने दी शुभकामनाएं
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 क्षेत्र में आज सुबह से ही श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश दिवस के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। ब्लॉक 36 त्रिलोकपुरी स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा प्रबंधक कमेटी की ओर से एक भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिख समुदाय के साथ-साथ अन्य धर्मों के लोग भी शामिल हुए।
सभी ने एक-दूसरे को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं और सौहार्द का संदेश दिया। नगर कीर्तन में हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई एकता कमेटी के कोषाध्यक्ष रियाजुद्दीन सैफी भी शामिल रहे। उन्होंने दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सरदार भूपेंद्र सिंह भुल्लर और इंद्रपाल सिंह ‘सेको’ को इस पावन अवसर पर बधाई दी और समाज में एकता व शांति का संदेश देने की सराहना की।
नगर कीर्तन अमन और शांति के वातावरण में मयूर विहार फेस-1 की पॉकेट 1, 2, 3, 4 और 5 सहित आसपास की सोसायटियों से होकर गुजरा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा की, कीर्तन गाए और ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयकारे गूंजते रहे। इस अवसर पर सभी धर्मों के लोगों ने मिलजुलकर भाईचारे, सद्भावना और गुरु नानक देव जी के उपदेशों पर चलने का संकल्प लिया।



