Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Firing: दिल्ली के शाहदरा में रंगदारी के लिए फायरिंग, एक साल...

Delhi Firing: दिल्ली के शाहदरा में रंगदारी के लिए फायरिंग, एक साल से वॉन्टेड बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस

Delhi Firing: दिल्ली के शाहदरा में रंगदारी के लिए फायरिंग, एक साल से वॉन्टेड बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस
दिल्ली के शाहदरा जिले के फर्श बाजार स्थित बिहारी कॉलोनी में एक बार फिर गोलियों की गूंज सुनाई दी। तीन नकाबपोश अपराधियों ने रविवार देर रात एक घर के बाहर फायरिंग की और मौके पर एक धमकी भरी पर्ची फेंक दी। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी भी हरकत में आ गए। पर्ची में कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा और उसके शागिर्द सचिन उर्फ गोलू के नाम से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना रात करीब 11:05 बजे की है जब बंटी नामक व्यक्ति के घर के बाहर तीन बदमाश पहुंचे। उनमें से दो ने हेलमेट पहन रखा था और तीसरे ने मुंह में रुमाल बांध रखा था। फायरिंग से पहले रुमाल बांधे बदमाश ने फोन का कैमरा ऑन किया ताकि पूरी वारदात रिकॉर्ड हो सके। इसके बाद दो बदमाशों ने एक-एक गोली चलाई और धमकी भरी पर्ची बंटी के घर के गेट पर फेंक दी।

बताया जा रहा है कि तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए, लेकिन इससे पहले उनमें से एक की पिस्टल जाम हो गई थी, जिससे वह दोबारा फायरिंग नहीं कर पाया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 17 अक्टूबर को बंटी को थाईलैंड के नंबर से कॉल आई थी जिसमें गैंगस्टर हाशिम बाबा के गुर्गे सचिन उर्फ गोलू ने 30 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की थी। इसके बाद रविवार की रात को भी बंटी को कॉल आई और कुछ ही मिनटों बाद फायरिंग की गई।
दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की हैं। शुरुआती जांच में चार संदिग्धों की पहचान हो चुकी है, जिनमें से दो गोलू के करीबी बताए जा रहे हैं। पुलिस को डंप डेटा के आधार पर एक मोबाइल नंबर मिला है जो नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के कच्ची खजूरी इलाके का है, जिससे यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, बंटी और उसका भाई पुनीत पहले से ही सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़े हुए हैं। पिछले साल एक पंटर संयम के 17 लाख रुपये जीतने के बाद विवाद हुआ था, जिसके बाद बुकी योगेश शर्मा उर्फ योगी ने पुनीत की पिटाई कर दी थी और उसका वीडियो वायरल कर दिया था। योगी वर्तमान में दुबई में है और दिवाली की रात मारे गए कारोबारी आकाश शर्मा उर्फ छोटू का भाई बताया जाता है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर हाशिम बाबा का सहयोगी गोलू 2015 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। वह पहले चोरी के केस में पकड़ा गया था और बाद में 2019 में हाशिम बाबा से जुड़ गया। उसने 2020 में हैदर अली की हत्या में भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा, गोलू पर दिल्ली के कई इलाकों में रंगदारी और फायरिंग के 18 से ज्यादा केस दर्ज हैं। हाल ही में वह प्रीत विहार और वेलकम इलाकों में रंगदारी के लिए फायरिंग के मामलों में नामजद हुआ था। पुलिस को शक है कि वह अब दुबई भाग गया है।
फर्श बाजार में दिसंबर 2024 में बर्तन कारोबारी की हत्या में भी गोलू का नाम सामने आया था। उस मामले का दूसरा शूटर नवीन कसाना इस साल मई में एनकाउंटर में मारा गया था। पुलिस अब इस पूरी वारदात को हाशिम बाबा गैंग से जोड़कर जांच कर रही है और फरार बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments