Delhi Police: दिल्ली आउटर नॉर्थ में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए पहुंचे स्पेशल सीपी रविंदर यादव
दिल्ली पुलिस लॉ एंड ऑर्डर स्पेशल सीपी रविंदर यादव आउटर नॉर्थ जिले में कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करने पहुंचे। उन्होंने जिले में सुरक्षा व्यवस्था, जांच की प्रगति, थानों की इंफ्रास्ट्रक्चर स्थिति और साइबर मॉनिटरिंग सिस्टम का विस्तृत निरीक्षण किया। यह समीक्षा जिले में पुलिसिंग को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्थ रेंज) विजय सिंह और डीसीपी आउटर नॉर्थ हरेश्वर स्वामी भी उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न मामलों की प्रगति रिपोर्ट, पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्पेशल सीपी रविंदर यादव ने पुलिस स्टाफ को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि तकनीक का बेहतर उपयोग, समयबद्ध जांच और जनता से निरंतर संवाद पुलिसिंग की गुणवत्ता को और ऊंचा उठाएगा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने, गश्त बढ़ाने और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी बताया कि जन-केंद्रित policing आज की जरूरत है, और इसके लिए पुलिस को लोगों से सकारात्मक जुड़ाव बनाए रखना होगा। उनकी यह समीक्षा आउटर नॉर्थ जिले में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



