Sunday, January 25, 2026
spot_img
Homeदिल्ली-एनसीआरCM Rekha Gupta Metro Journey: मेट्रो में आम महिलाओं के बीच दिखीं...

CM Rekha Gupta Metro Journey: मेट्रो में आम महिलाओं के बीच दिखीं CM रेखा गुप्ता, किया सफर और सुनीं समस्याएं

CM Rekha Gupta Metro Journey: मेट्रो में आम महिलाओं के बीच दिखीं CM रेखा गुप्ता, किया सफर और सुनीं समस्याएं

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राजधानी की मेट्रो में सफर कर एक अलग ही उदाहरण पेश किया। उन्होंने लेडीज कोच में यात्रा करते हुए आम महिलाओं के साथ न सिर्फ समय बिताया, बल्कि उनसे खुलकर बातचीत भी की। अचानक अपने बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री को देखकर महिलाएं हैरान और बेहद खुश नजर आईं। कई महिलाओं ने सीएम रेखा गुप्ता के साथ सेल्फी ली और इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया। पूरे कोच में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

मेट्रो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं से उनके रोजमर्रा के जीवन, सफर की सुविधाओं और समस्याओं को लेकर चर्चा की। महिलाओं ने बेझिझक अपनी परेशानियां सीएम के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। महिलाओं के बीच मुख्यमंत्री का सहज और संवेदनशील व्यवहार देखकर यात्री काफी प्रभावित नजर आए।

इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेट्रो में सफर कर रहे यात्रियों को अटल कैंटीन योजना की भी जानकारी दी। दरअसल, मुख्यमंत्री को अटल कैंटीन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होना था, लेकिन उनकी गाड़ी ट्रैफिक में फंस गई। समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए उन्होंने दिल्ली गेट से लाजपत नगर तक मेट्रो से यात्रा करने का फैसला लिया। मेट्रो यात्रा के जरिए वे न सिर्फ समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचीं, बल्कि आम लोगों से सीधे जुड़ने का अवसर भी मिला।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर दिल्ली में अटल कैंटीन योजना के तहत आज 100 कैंटीनों की शुरुआत की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद वर्ग को सस्ता और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। खास तौर पर मजदूर वर्ग और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए इस योजना को लागू किया गया है, जो रोजाना मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं।

अटल कैंटीन में मात्र पांच रुपये में चावल, दाल, सब्जी और रोटी जैसी पौष्टिक थाली उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि कोई भी भूखा न रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सम्मानजनक और सुलभ भोजन पहुंचे। मेट्रो में किया गया उनका यह सफर आम जनता के बीच सरकार की संवेदनशीलता और जनसरोकारों को दर्शाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments