RGSSH Hospital Delhi: दिलशाद गार्डन स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया निरीक्षण
दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक संजय गोयल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचते ही परिसर में मरीजों, उनके परिजनों और मेडिकल स्टाफ के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अस्पताल प्रशासन पहले से सतर्क नजर आया और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने इलाज की स्थिति, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के व्यवहार, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं को लेकर मरीजों से फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने मरीजों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय और संवेदनशील पक्ष भी सामने आया, जब वे बुजुर्ग मरीजों से “मां” और “अम्मा” कहकर बातचीत करती नजर आईं और एक बुजुर्ग महिला को स्नेहपूर्वक दुलार भी किया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।
स्थानीय विधायक संजय गोयल ने मुख्यमंत्री के इस दौरे को बेहद संतोषजनक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अस्पताल आने से न सिर्फ व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आती है, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों का मनोबल भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री मरीजों से मिलीं तो मरीज भी खुश थे और उनके अटेंडेंट भी संतुष्ट नजर आए। विधायक ने यह भी कहा कि राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भले ही सीमित बीमारियों के इलाज के लिए जाना जाता हो, लेकिन जिन रोगों का यहां उपचार होता है, उनमें अस्पताल की सेवाएं बेहद उत्कृष्ट हैं।
संजय गोयल ने विशेष रूप से हृदय रोगों के इलाज की सराहना करते हुए कहा कि हार्ट से जुड़ी बीमारियों के उपचार में यह अस्पताल कई निजी अस्पतालों से भी बेहतर सेवाएं दे रहा है। उन्होंने कहा कि कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में यह अस्पताल इलाके का नंबर वन अस्पताल बन चुका है। इसके साथ ही गैस्ट्रो से संबंधित बीमारियों का इलाज भी यहां प्रभावी और आधुनिक तकनीकों के जरिए किया जा रहा है, जिससे मरीजों को काफी राहत मिल रही है।
विधायक ने आगे कहा कि अस्पताल में चुनिंदा बीमारियों का ही इलाज होने के बावजूद सरकार और प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद डॉक्टरों और स्टाफ की मेहनत से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का यह दौरा न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिहाज से अहम रहा, बल्कि इससे मरीजों और उनके परिजनों में सरकारी अस्पतालों के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ।



