CBI raid Sultanpuri: CBI ने सुल्तानपुरी पुलिस स्टेशन पर छापा मारा, तीन अधिकारी रिश्वत लेते पकड़े गए
नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी थाना इलाके में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते हुए तीन पुलिसकर्मियों को दबोच लिया। अधिकारियों के अनुसार, दो हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने अवैध सट्टा चलाने के लिए यह राशि मांग रखी थी। गिरफ्तार पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कांस्टेबल अजय, हेड कांस्टेबल राजेश और कांस्टेबल विजय मलिक के रूप में की गई है।
सीबीआई की टीम फिलहाल इन पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच को गहराई से आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
यह छापेमारी उस समय हुई जब सीबीआई को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी पुलिसकर्मी रिश्वत ले रहे हैं, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई की गई।



