Delhi Crime: दिल्ली की गीता कॉलोनी पुलिस ने शातिर अपराधी को किया गिरफ्तार, अवैध चाकू और तीन चोरी के मोबाइल बरामद
दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शाहदरा जिले की गीता कॉलोनी थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 46 वर्षीय शमशाद के रूप में हुई है, जो कृष्णा नगर के वेस्ट कांति नगर इलाके का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चार आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 को गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में सक्रिय और आदतन अपराधियों पर नजर रखने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। इस टीम में एएसआई अनूप पांडे, हेड कांस्टेबल मोहित धामा, हेड कांस्टेबल प्रदीप, हेड कांस्टेबल मंधीर और हेड कांस्टेबल योगेश शामिल थे। टीम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम कुमार की निगरानी में इलाके में गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान जब पुलिस टीम मछली बाजार के पास नर्सरी झुग्गी इलाके में पहुंची, तो वहां मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक बटनदार चाकू और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने जब बरामद मोबाइल फोन की जांच की, तो पता चला कि इनमें से एक मोबाइल फोन गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र से चोरी हुआ था, जबकि दूसरा जगतपुरी थाना क्षेत्र और तीसरा पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीनों मोबाइल फोन की चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गीता कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से गीता कॉलोनी, जगतपुरी और पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थानों में दर्ज चोरी के तीन मामलों का भी खुलासा हुआ है। बरामद सामान में एक काले रंग का रियलमी 12 प्रो, एक नीले रंग का ओप्पो एफ31 प्रो और एक बैंगनी रंग का रेडमी मोबाइल फोन शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध बटनदार चाकू भी बरामद किया है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी के तीन मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।



