Dwarka police: द्वारका पुलिस ने इंटरस्टेट अवैध शराब रैकेट का भंडाफोड़ किया, एक बड़ी गिरफ्तारी हुई
द्वारका जिले में “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। AATS टीम ने अंतरराज्यीय अवैध शराब सप्लायर मोहम्मद नौशाद (22) को नजफगढ़ इलाके में पकड़ा। आरोपी एक बोलोरो पिकअप में शराब ले जा रहा था, जिसे हरियाणा में सप्लाई किया जाना था। पुलिस जांच में वाहन से 50 कार्टन यानी 2500 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई।
इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल शराब बल्कि वाहन भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नशे के व्यापार को काफी झटका लगेगा और अंतरराज्यीय तस्करी पर अंकुश लग सकेगा। AATS टीम लगातार ऐसे मामलों पर नजर रखे हुए है ताकि अवैध शराब और नशे के कारोबार को रोकने में मदद मिल सके।



