Kalyanpuri: कल्याणपुरी थाना SHO की अध्यक्षता में सीनियर सिटिजन मीटिंग, LBS अस्पताल में सुविधाएं सुधारने के निर्देश
पूर्वी दिल्ली के थाना कल्याणपुरी क्षेत्र में SHO मुकेश बालयान की अध्यक्षता में सीनियर सिटिजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के कई बुजुर्गों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं। बैठक के दौरान सीनियर सिटिजनों ने खास तौर पर LBS अस्पताल में इलाज के दौरान आने वाली परेशानियों को उठाया, जहां उन्हें कई-कई घंटे लाइन में खड़ा रहना पड़ता है।
इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए SHO कल्याणपुरी ने तुरंत LBS अस्पताल स्थित पुलिस बूथ से संपर्क किया और निर्देश दिए कि सीनियर सिटिजनों को विशेष सुविधा दी जाए। उन्होंने आदेश दिया कि बुजुर्गों को लाइन में न लगना पड़े और पुलिसकर्मी उनकी मदद करते हुए पर्ची बनवाने से लेकर डॉक्टर से चेकअप और दवाई दिलाने तक पूरा सहयोग सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही SHO ने क्षेत्र के बीट कांस्टेबल और डिवीजन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने इलाकों में सीनियर सिटिजनों की सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी सभी वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध कराया और कहा कि वे किसी भी समस्या में सीधे संपर्क कर सकते हैं। SHO ने कहा कि बुजुर्ग समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी देखभाल करना दिल्ली पुलिस का कर्तव्य है।
बैठक के दौरान हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई एकता कमेटी के कोषाध्यक्ष रियाजुद्दीन सैफी ने बताया कि पूर्वी जिला DCP के निर्देशानुसार सीनियर सिटिजन सेल लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और जिले के सभी थानों में सीनियर सिटिजनों को आई कार्ड के माध्यम से जोड़ा जा रहा है।
इस अवसर पर DCP कार्यालय से आए पंकज कुमार ने सीनियर सिटिजन कार्ड धारकों को SHO कल्याणपुरी के हाथों कार्ड वितरित करवाए। उन्होंने बताया कि यह कार्ड विशेष रूप से उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए है जो अकेले रहते हैं या परिवार से अलग हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में दिल्ली पुलिस तुरंत उनकी मदद कर सके।
बैठक में अमर सिंह, केएस धामा, सोहन लाल, अनिता सिंह, प्रेम चंद, रामधन, मोहन लाल सहित कई वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे उनकी समस्याओं का समाधान होगा।



