Mayur Vihar: मयूर विहार में JJ क्लस्टर मीटिंग में नशे और अव्यवस्था पर सख्ती, जनसमस्याओं के समाधान का प्लान तैयार
पूर्वी दिल्ली के थाना मयूर विहार में JJ क्लस्टर टीम की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ATO श्री प्रमोद कुमार ने की। इस बैठक में क्षेत्र के विभिन्न कैंपों जैसे संजय कैंप त्रिलोकपुरी ब्लॉक-27, इंदिरा कैंप, अंबेडकर कैंप ब्लॉक 29-32 समेत कई इलाकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान करना, नाबालिग बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देना और क्षेत्र में बढ़ रही अव्यवस्थाओं को नियंत्रित करना रहा। इसमें रियाजुद्दीन सैफी, रवि सक्सेना, पिंकी त्यागी, वीना शर्मा, अशोक पटेल, सुधा अय्यर, रिजवान खान, सबीना खान, तोसिफ सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
मीटिंग में यह निर्णय लिया गया कि टीम सभी कैंपों में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनेगी, छोटे-छोटे विवादों को मौके पर ही सुलझाने का प्रयास करेगी और नशे के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया जाएगा।
शाम करीब 5 बजे संजय कैंप त्रिलोकपुरी में आयोजित बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने नशेड़ियों और आवारा युवकों की गतिविधियों को लेकर गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। लोगों ने बताया कि कम उम्र के लड़के नशे की लत में पड़ रहे हैं और इससे पूरे इलाके में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
स्थानीय महिला मोबीना ने आरोप लगाया कि देर रात कुछ युवक ग्रुप बनाकर कैंप में घूमते हैं और महिलाओं व लड़कियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। वहीं परवीन कुमार मीना और संजय ने बताया कि कुछ लड़के दुकानों के आसपास खड़े होकर आने-जाने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, जिससे व्यापार और सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
इन सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ATO प्रमोद कुमार ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फैल रही इन बुराइयों को कानूनी तरीके से खत्म किया जाएगा और किसी भी प्रकार के गुंडा तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई भी व्यक्ति असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकायत करना चाहता है तो वह सीधे थाने में संपर्क करे या शिकायत बॉक्स में लिखकर जानकारी दे।
रियाजुद्दीन सैफी ने बताया कि JJ क्लस्टर कमेटी की यह पहल बेहद सराहनीय है, जिसमें ATO प्रमोद कुमार खुद सभी कैंपों में जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस पहल से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में संतोष और उम्मीद का माहौल देखने को मिल रहा है, और उन्हें भरोसा है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से किया जाएगा।



