Operation Gang Bust द्वारका पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 सक्रिय गैंग का भंडाफोड़, 61 गैंगस्टर और शूटर गिरफ्तार
दिल्ली के द्वारका जिला में पुलिस ने “ऑपरेशन गैंग बस्ट” के तहत संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 7 सक्रिय गैंग का भंडाफोड़ किया है। दो दिन तक चले इस विशेष ऑपरेशन में पुलिस ने 61 गैंगस्टर, शूटर और फाइनेंसर को गिरफ्तार किया, जबकि 2748 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
यह विशेष अभियान डीसीपी कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस की 54 अलग-अलग टीमों ने जिले के संवेदनशील इलाकों और अपराध प्रभावित हॉटस्पॉट्स में लगातार छापेमारी की। इस दौरान कुल 169 स्थानों पर रेड की गई, जिसमें कई बड़े गैंगों के सदस्यों को पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और अन्य अवैध सामान बरामद किया। पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन में 35 अवैध हथियार, 42 जिंदा कारतूस और 3 चाकू जब्त किए गए। इसके अलावा 5909 क्वार्टर अवैध शराब, 93 वाहन और जुए से संबंधित सामान भी बरामद हुआ है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का संबंध कई संगठित आपराधिक गिरोहों से है। पुलिस ने विक्की टक्कर गैंग, काला जठेड़ी गैंग, शक्ति शारदा गैंग और सद्दाम गौरी गैंग समेत कई गैंगों के सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
द्वारका पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत कुल 53 मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान राजधानी में गैंगवार, अवैध हथियारों की सप्लाई और संगठित अपराध पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कई आरोपी पहले भी हत्या, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार सप्लाई और शराब तस्करी जैसे मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है।
द्वारका जिला पुलिस ने साफ कहा है कि राजधानी में अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस तकनीकी निगरानी, खुफिया इनपुट और विशेष टीमों की मदद से संगठित अपराध के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।



