Delhi Crime: ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़ किया, तीन आरोपी गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल (एएसबी सेल) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर स्नैचर और चोरी का सामान खरीदने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल, एक लूटा गया मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी पर पहले से 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कल्याणपुरी थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है।
पुलिस के अनुसार 13 जून 2026 की सुबह करीब 7 बजे न्यू कोंडली निवासी रविकांत मंदिर में दर्शन करने के बाद नोएडा टोल टैक्स क्षेत्र की ओर चाय पीने जा रहे थे। इस दौरान वह अपने मोबाइल फोन पर एक ठेकेदार से बात कर रहे थे। तभी पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आया, जिसने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से वीवो मोबाइल फोन छीन लिया और नोएडा की ओर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना न्यू अशोक नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसबी सेल की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। जांच के दौरान करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक लाल और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार युवक मोबाइल स्नैचिंग करते हुए दिखाई दिया। आरोपी ने चेहरे को मास्क और काली टोपी से ढक रखा था तथा सफेद टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी ट्रेल का पीछा करते हुए न्यू अशोक नगर, गाजीपुर, मयूर विहार और खोड़ा क्षेत्र के कैमरों की जांच की। एएनपीआर कैमरे की मदद से मोटरसाइकिल का नंबर डीएल5एसबीवी** पता चला। जांच में यह मोटरसाइकिल आनंद विहार क्षेत्र से चोरी की गई पाई गई। आगे की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान गुलशन वर्मा उर्फ सनी उर्फ विकास के रूप में की और त्रिलोकपुरी से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि गुलशन वर्मा कल्याणपुरी थाने का घोषित बीसी है और उसके खिलाफ लूट, स्नैचिंग, चोरी तथा चोरी का माल खरीदने जैसे 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके घर की तलाशी के दौरान घटना के समय पहनी गई सफेद टी-शर्ट और काली पैंट बरामद की गई। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल की गई चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल भी उसके घर के पास से बरामद कर ली गई।
गुलशन ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने अपने साथी विकास उर्फ पव के साथ मिलकर कड़कड़डूमा कोर्ट के बाहर से यह मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद पुलिस ने विकास उर्फ पव को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गुलशन ने यह भी स्वीकार किया कि उसने 5 जून 2026 के बाद से गाजीपुर, न्यू अशोक नगर और कल्याणपुरी क्षेत्रों में अकेले ही 8 से 10 मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया था।
आरोपी ने यह भी बताया कि छीने गए मोबाइल फोन वह गाजीपुर डेयरी फार्म निवासी अमरजीत को बेच देता था। पुलिस ने अमरजीत को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक स्नैच किया गया रियलमी नार्जो 60एस मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में अमरजीत ने बताया कि दो अन्य मोबाइल फोन बिहार भेजे जा चुके हैं। पुलिस अब उन मोबाइल फोनों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल स्नैचिंग नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। जांच के दौरान आरोपियों की अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी और स्नैचिंग के जरिए हासिल किए गए मोबाइल फोन कहां-कहां बेचे जाते थे और इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।



