Hospital Fire: पूर्वी दिल्ली के श्यामा प्रसाद मुखर्जी चेस्ट हॉस्पिटल में कार में लगी आग, टला बड़ा हादसा
पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी चेस्ट हॉस्पिटल परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब अस्पताल परिसर में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की है। अस्पताल में कार्यरत एक डॉक्टर ने अपनी कार को लेबर रूम वार्ड के पास पार्क किया था। कुछ देर बाद अचानक कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी।
अस्पताल परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने जब कार में आग लगती देखी तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। वहीं पांडव नगर थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास खड़े अन्य वाहनों और अस्पताल भवन को भी खतरा पैदा हो गया था, लेकिन दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया।
घटना के समय अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही जारी थी। ऐसे में यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने भी मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर किसी तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। दमकल विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। आग से केवल कार को नुकसान पहुंचा है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाकर मामले की जांच में लगी हुई है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।



