Illegal Liquor Racket: शाहदरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 600 क्वार्टर अवैध शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली : शाहदरा जिले की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 600 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक टीएसआर भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी हरियाणा और चंडीगढ़ से अवैध शराब लाकर दिल्ली में सप्लाई कर रहे थे।
आगामी त्योहारों को देखते हुए शाहदरा जिला पुलिस संगठित अपराध, अवैध शराब तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और हथियारों की तस्करी पर लगातार निगरानी रख रही है। इसी अभियान के तहत 23 जून की रात एएसबी सेल को 100 फुटा रोड, दुर्गापुरी एक्सटेंशन इलाके में अवैध शराब की खेप पहुंचाए जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की।
एएसबी सेल प्रभारी एसआई विक्रांत चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नरेश शर्मा और मयंक को एक टीएसआर सहित पकड़ा। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद थाना एम.एस. पार्क में दिल्ली आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे हरियाणा और चंडीगढ़ से अवैध शराब लाकर दिल्ली में ऊंचे दामों पर बेचते थे। शराब को पहले घोंडा-मौजपुर क्षेत्र में स्टोर किया जाता था और फिर स्थानीय सप्लायरों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में पहुंचाया जाता था। आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों अंकुश उर्फ सचिन और सुरेंद्र रस्तोगी के नाम भी बताए, जिन्हें बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि अंकुश उर्फ सचिन का परिवार पहले से ही आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। पुलिस के अनुसार उसके पिता जाफराबाद थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं, जबकि अंकुश स्वयं भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 क्वार्टर ‘संतरा’ ब्रांड देसी शराब बरामद की, जिस पर ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़’ अंकित था। इसके अलावा 100 क्वार्टर ‘रेस-7’ ब्रांड देसी शराब भी बरामद की गई, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए अनुमत थी। तस्करी में इस्तेमाल किया गया टीएसआर भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौजपुर निवासी 55 वर्षीय नरेश शर्मा, बाबरपुर निवासी 19 वर्षीय मयंक, मौजपुर निवासी 25 वर्षीय अंकुश उर्फ सचिन तथा जोहरीपुर निवासी 31 वर्षीय सुरेंद्र रस्तोगी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नरेश और मयंक का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, जबकि अंकुश और सुरेंद्र पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त पाए गए हैं।
शाहदरा जिला पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी, इसके पीछे कौन लोग आर्थिक लाभ ले रहे थे और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



