Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Crime: रोहिणी पुलिस ने मोबाइल चोरी के बड़े गिरोह का किया...

Delhi Crime: रोहिणी पुलिस ने मोबाइल चोरी के बड़े गिरोह का किया भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार, 325 मोबाइल बरामद

Delhi Crime: रोहिणी पुलिस ने मोबाइल चोरी के बड़े गिरोह का किया भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार, 325 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 325 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ था।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। इसके बाद चोरी किए गए मोबाइल फोन का डेटा रीसेट कर उन्हें दोबारा बेच दिया जाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह चोरी के मोबाइल फोन को कोरियर के जरिए पहले कोलकाता भेजता था, जहां से उन्हें बांग्लादेश और नेपाल तक पहुंचाया जाता था।

पुलिस के अनुसार, मंगोलपुरी क्षेत्र का रहने वाला राजा नामक आरोपी मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वहीं विक्रम और विनय नामक आरोपी चोरी के मोबाइल फोन को कोरियर के माध्यम से कोलकाता भेजने की व्यवस्था करते थे। वहां से नेटवर्क के अन्य सदस्य इन मोबाइल फोन को विदेशी बाजारों तक पहुंचाते थे।

पूछताछ के दौरान पुलिस को कई राज्यों में फैले इस गिरोह के नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी मिली है। कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे सप्लाई चेन, रिसीवर नेटवर्क और अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी है।

रोहिणी जिला पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments