Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Car Theft: शाहदरा AATS ने वाहन चोर को दबोचा, चोरी की...

Delhi Car Theft: शाहदरा AATS ने वाहन चोर को दबोचा, चोरी की मारुति स्विफ्ट कार बरामद

Delhi Car Theft: शाहदरा AATS ने वाहन चोर को दबोचा, चोरी की मारुति स्विफ्ट कार बरामद

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मारुति स्विफ्ट कार बरामद की है। बरामद वाहन थाना सीमापुरी में दर्ज वाहन चोरी के मामले का निकला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की वारदातों में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, शाहदरा जिले में लगातार बढ़ रही चार पहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को देखते हुए एएटीएस टीम को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक चोरी की सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार आनंद विहार आईएसबीटी से सीमापुरी की ओर जा रही है।

सूचना के आधार पर एएटीएस टीम ने थाना विवेक विहार क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। कार चला रहे युवक की पहचान अंकुश यादव (20) निवासी जिला मुरैना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई। पूछताछ और वाहन की जांच के दौरान पता चला कि यह कार थाना सीमापुरी क्षेत्र से चोरी की गई थी और इस संबंध में पहले से मामला दर्ज था। इसके बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले का रहने वाला है और ओपन स्कूल से 12वीं की पढ़ाई कर रहा है। वह दिलशाद गार्डन स्थित एक दुकान पर काम करता था। इसी दौरान उसकी नजर एक मारुति स्विफ्ट कार पर पड़ी, जो नियमित रूप से वहां खड़ी रहती थी। उसने केवल घूमने-फिरने और अपना शौक पूरा करने के उद्देश्य से कार चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं और उसने इससे पहले अन्य चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया है या नहीं।

शाहदरा जिला पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में आगे की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर अन्य खुलासे होने की भी संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments