Delhi Police: एक्टिव ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, चोरी की चार दोपहिया वाहन बरामद
नई दिल्ली। पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की चार दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिले के चार मोटर वाहन चोरी (एमवीटी) के मामलों का भी खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार वाहन चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और अन्य सड़क अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एएटीएस की टीम लगातार संवेदनशील इलाकों में निगरानी और विशेष जांच अभियान चला रही थी। एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार के निर्देशन और इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को सक्रिय वाहन चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जांच के दौरान 6 जुलाई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पूर्वी दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल एक ऑटो लिफ्टर चोरी की मोटरसाइकिल से खिचड़ीपुर इलाके से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ और वाहन की जांच में पता चला कि आरोपी जिस हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार था, वह पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अन्य वाहन चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और पुलिस को उन स्थानों तक ले गया, जहां उसने चोरी के वाहन छिपाकर रखे थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन और चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए। जांच में सामने आया कि ये वाहन कल्याणपुरी, पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया और शाहीन बाग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। बरामद वाहनों में तीन हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक हीरो स्कूटी शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय समीर के रूप में हुई है, जो दिल्ली के खिचड़ीपुर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। साथ ही चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि राजधानी में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ चोरी के वाहनों की बरामदगी और संगठित गिरोहों का पर्दाफाश भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।



