Delhi Crime: सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाला स्नैचर गिरफ्तार, साथी समेत दबोचा गया; देसी पिस्तौल, कारतूस और छीना गया मोबाइल बरामद
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले एक स्नैचर को दिल्ली पुलिस ने उसके साथी सहित गिरफ्तार कर लिया है। जाफराबाद थाना पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के आधार पर यह कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और स्नैचिंग के दौरान छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के साथ हाल ही में हुई लूट और मोबाइल स्नैचिंग की दो वारदातों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर निगरानी के दौरान पता चला कि “ballu_dada_jafrabadi_” नाम से संचालित एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अवैध हथियार और गोला-बारूद लहराते हुए स्टोरी और वीडियो अपलोड किए गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए जाफराबाद थाना पुलिस ने तुरंत अकाउंट की जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।
सूचना मिलने के बाद जाफराबाद थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर तनवीर अशरफ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई जावेद, हेड कांस्टेबल नफीस, हेड कांस्टेबल सनी और कांस्टेबल उधम शामिल थे। भजनपुरा सब-डिवीजन के इंस्पेक्टर दीपक चंद्र की निगरानी में पुलिस टीम ने पंचवटी पार्क, गोंडा चौक, जाफराबाद में छापेमारी कर आरोपी अरमान (22) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अरमान पुत्र रियाजुद्दीन, निवासी अल्वी नगर, अंकुर विहार, लोनी (गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने एक अवैध देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके बाद जाफराबाद थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
लगातार पूछताछ के दौरान अरमान ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी रिहान (19) के साथ मिलकर 23 जून 2026 को लूट और 9 जुलाई 2026 को मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसके साथी रिहान पुत्र जमील को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने रिहान के कब्जे से स्नैचिंग के दौरान छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया। वहीं अरमान के पास से एक अन्य मोबाइल फोन भी मिला, जिसमें चाकू और अवैध हथियारों का प्रदर्शन करते हुए कई वीडियो और क्लिप मौजूद थे। पुलिस अब इन वीडियो की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक गतिविधि या गैंग से भी जुड़े हैं या नहीं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



