Chinese Manjha: नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 84 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ज्योति नगर और नंद नगरी थाना पुलिस की कार्रवाई में कुल 84 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।
डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट राहुल अलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक नगर निवासी ऋषभ जैन (24) और सुंदर नगरी निवासी आमिर खान (32) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को ज्योति नगर थाना पुलिस की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अशोक नगर की गली नंबर-14 स्थित एक दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही एसएचओ के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 80 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। मौके से दुकान संचालक ऋषभ जैन को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में ज्योति नगर थाने में एफआईआर संख्या 351/2026 के तहत बीएनएस की धारा 223(ए) तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 5/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चाइनीज मांझा खरीदने के स्रोत के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब उसके सप्लायर और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
इसी विशेष अभियान के तहत नंद नगरी थाना पुलिस को भी शाह डेयरी वाली गली स्थित एक दुकान में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचे जाने की सूचना मिली। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापा मारा, जहां से चार रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। पुलिस ने दुकान मालिक आमिर खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में नंद नगरी थाने में एफआईआर संख्या 425/2026 दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह लोगों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों, पक्षियों और बच्चों के लिए बेहद खतरनाक साबित होता है। हर वर्ष ऐसे मांझे की वजह से कई गंभीर हादसे सामने आते हैं, जिनमें लोगों की जान तक चली जाती है।
डीसीपी राहुल अलवाल ने कहा कि नॉर्थ-ईस्ट जिले में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।



