Foreign Cigarettes: उत्तर-पूर्वी दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, 1 करोड़ से अधिक की 2.82 लाख प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध विदेशी सिगरेट की सप्लाई करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके गोदाम से कुल 2,82,640 प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस कार्रवाई को अवैध तंबाकू कारोबार के खिलाफ जिले की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को स्पेशल स्टाफ के एसआई कौशिक घोष को सूचना मिली थी कि करावल नगर इलाके में प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट की बड़ी खेप की डिलीवरी की जानी है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने महालक्ष्मी विहार स्थित नाला रोड पर निगरानी शुरू कर जाल बिछाया।
शाम करीब 4:30 बजे पुलिस ने देखा कि तीन संदिग्ध युवक दो बोरियों और एक मोटरसाइकिल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक ग्राहक का इंतजार करने के बाद जब वे वापस लौटने लगे तो पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अंकित (35), विशाल (28) और राहुल (36) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 79 कार्टन में रखी 12,640 “IN BLACK” ब्रांड की इंडोनेशिया निर्मित विदेशी सिगरेट बरामद कीं। जांच में पाया गया कि इन सिगरेट पैकेटों पर भारत सरकार द्वारा अनिवार्य वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनी अंकित नहीं थी, जिसके कारण भारत में इनकी बिक्री प्रतिबंधित है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने मुख्य सप्लायर नीरज कपूर (55) का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने बुद्धपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उसके गोदाम पर छापेमारी की। वहां से करीब 2.70 लाख प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट बरामद की गईं और नीरज कपूर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस द्वारा बरामद प्रतिबंधित विदेशी सिगरेटों की कुल संख्या 2,82,640 तक पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि जब्त की गई सिगरेटों की अनुमानित बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने इस संबंध में करावल नगर थाने में एफआईआर संख्या 203/2026 के तहत सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) की धारा 7/20 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच एजेंसियां इस अवैध कारोबार की पूरी सप्लाई चेन, आर्थिक लेन-देन, गोदामों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित विदेशी सिगरेटों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस नेटवर्क से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



