Fake Currency: रोहिणी पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में रोहिणी पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी नोट तैयार कर उनकी सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद नकली नोटों में 500 रुपये के करीब 21 बंडल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया है। इसमें दो कलर प्रिंटर, पेपर कटिंग मशीन, लैपटॉप, नोट गिनने की मशीन और प्रिंटिंग से जुड़ी अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कितने समय से सक्रिय था और नकली नोटों को किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि जापानी पार्क के पास कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों पुष्कर राज पुरबिया उर्फ डॉक्टर, गोसाई राम और साहिल खरब को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने मामले में शामिल चौथे आरोपी नरेंद्र कुमार को राजस्थान के चूरू से गिरफ्तार किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी सोनीपत में किराए पर जगह लेकर नकली नोट तैयार करते थे। इसके बाद इन नोटों को अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकली नोटों को तैयार करने के लिए सामग्री कहां से लाई जाती थी।
जांच एजेंसियां नकली नोटों के स्रोत, उनकी छपाई की प्रक्रिया, सप्लाई नेटवर्क और संभावित गंतव्य का भी पता लगाने में जुटी हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस संभावित सहयोगियों और सप्लाई चैन से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बरामद नकली नोटों और प्रिंटिंग उपकरणों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।



