Parth Gupta Death: रोहिणी में 13वीं मंजिल से कूदकर लॉ छात्र ने दी जान, मेड हत्याकांड में जेल में बंद हैं डॉक्टर पिता मनीष गुप्ता
दिल्ली के अमर कॉलोनी में घरेलू सहायिका मीना हलधर की हत्या के आरोप में जेल में बंद डॉक्टर मनीष गुप्ता के 19 वर्षीय बेटे पार्थ गुप्ता की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, पार्थ ने रोहिणी सेक्टर-32 में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की 13वीं मंजिल से छलांग लगा दी। वह लॉ प्रथम वर्ष का छात्र था।
पुलिस को गुरुवार दोपहर सूचना मिली थी कि सेक्टर-32 की एक निर्माणाधीन इमारत के पास एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है। बेगमपुर थाने की टीम मौके पर पहुंची और युवक को नजदीकी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि उसने इमारत की 13वीं मंजिल से छलांग लगाई थी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सेक्टर-32 स्थित एक घर तक पहुंची, जो युवक की नानी का था। वहीं उसकी पहचान पार्थ गुप्ता के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह किसी दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था और अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गया था।
जांच में सामने आया कि पार्थ के माता-पिता दोनों त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं। उसकी मां अमर कॉलोनी के माउंट कैलाश इलाके में रहती हैं, जबकि पिता मनीष गुप्ता को जून में घरेलू सहायिका की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल जेल में हैं।
परिजनों के मुताबिक, पार्थ पिछले कुछ दिनों से नानी के घर रह रहा था और पिता के जेल जाने के बाद से डिप्रेशन में था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।



