Homeक्राइमRohit Godara Gang: पीतमपुरा में कारोबारी के घर फायरिंग करने वाले गोदारा...

Rohit Godara Gang: पीतमपुरा में कारोबारी के घर फायरिंग करने वाले गोदारा गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार, रंगदारी की साजिश बेनकाब

Rohit Godara Gang: पीतमपुरा में कारोबारी के घर फायरिंग करने वाले गोदारा गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार, रंगदारी की साजिश बेनकाब

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रंगदारी के लिए पीतमपुरा में एक कारोबारी के घर के बाहर गोलियां चलाने वाले रोहित गोदारा गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्तूबर की सुबह करीब पांच बजे बाइक पर आए दो बदमाशों ने पीतमपुरा निवासी कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर के बाहर फायरिंग की थी। हमलावरों ने उनकी कार पर भी गोलियां चलाई थीं। इस मामले में सुभाष प्लेस थाने में रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ था।

जांच के दौरान विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आया, जिसके बाद केस क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि विदेश में मौजूद गैंग के गुर्गे विवेक ने स्थानीय नेटवर्क के जरिए इस फायरिंग को अंजाम दिलवाया था।

क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने 500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक आरोपियों का पीछा कर सुराग जुटाए और आखिरकार तीनों को रोहिणी से दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली में एक और बड़ी वारदात करने के इरादे से आए थे।

आरोपियों के पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी पिस्टल और 12 कारतूस बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

जांच में पता चला कि मोक्ष, विदेश में बैठे विवेक और फरार आरोपी प्रदीप के संपर्क में था। वह स्थानीय बदमाशों को गैंग से जोड़ता था और उनके लिए जरूरी इंतजाम करता था। उसी ने निखिल को अच्छी कमाई और ऐशो-आराम की जिंदगी का लालच देकर गैंग में शामिल किया था। फायरिंग के लिए निखिल को 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था, जिसके बाद उसने प्रदीप के साथ मिलकर कारोबारी के घर पर गोलियां चलाईं।

शुभम भी निखिल के जरिए ही गैंग के संपर्क में आया था और साथियों के असर में आकर रंगदारी की साजिश में शामिल हो गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के बाकी सदस्यों, विदेशी हैंडलरों और रंगदारी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments