East Delhi MCD: पूर्वी दिल्ली वार्ड कमेटी की बैठक में पार्षदों ने उठाए सवाल, अफसरों पर अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोप
दिल्ली नगर निगम की पूर्वी दिल्ली वार्ड कमेटी की बैठक में पार्षदों ने अपने इलाकों की समस्याओं को लेकर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के कामकाज पर कड़े सवाल उठाए। बैठक में सफाई, विकास कार्य, फंड की कमी, सरकारी स्कूलों की खस्ता हालत और कूड़ा उठाने की व्यवस्था जैसे मुद्दे छाए रहे।
पार्षदों का कहना था कि चार साल गुजर जाने के बाद भी उनके वार्डों की कई बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। बैठक में शिकायतों की लंबी सूची सामने आई, लेकिन इनके समाधान को लेकर कोई ठोस खाका नजर नहीं आया।
निगम पार्षद अलका राघव ने आरोप लगाया कि अधिकारी और कर्मचारी जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि पार्षद बार-बार अपने क्षेत्र की दिक्कतें अफसरों के सामने रखते हैं, फिर भी जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं होती और जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है।
पार्षद रामकिशोर ने निगम में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। उनका आरोप था कि समस्याओं का असली हल निकालने के बजाय काम को केवल फाइलों में पूरा दिखा दिया जाता है। उन्होंने निगम के कामकाज में जवाबदेही तय करने की मांग भी की।
आम आदमी पार्टी के एक पार्षद ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में उनके क्षेत्र को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त फंड नहीं मिला। उन्होंने 32 ब्लॉक स्थित सरकारी स्कूल की जर्जर इमारत का मामला उठाते हुए चेताया कि इसकी हालत किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।
इसी पार्षद ने मेट्रो वेस्ट कंपनी की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के समय पर न पहुंचने और अक्सर खराब रहने की शिकायत भी रखी।
बैठक में उठे इन मुद्दों ने निगम के जमीनी कामकाज और अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि वार्ड कमेटी में रखी गई शिकायतों पर निगम अधिकारी कितनी गंभीरता से कदम उठाते हैं और लोगों को राहत कब तक मिलती है।



