Pratapgarh Drug Factory: प्रतापगढ़ में 50 करोड़ की एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, मोस्ट वांटेड तस्कर जम्मु लाला गिरफ्तार
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने संयुक्त कार्रवाई कर एक बड़े ड्रग रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना पीपलखूंट और डीएसटी टीम की इस छापेमारी में 50 करोड़ रुपये की अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से मोस्ट वांटेड तस्कर और 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी जमशेद उर्फ जम्मु लाला को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 17.4 किलो एमडी पाउडर, 70 किलो से अधिक केमिकल और ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। बरामद सभी सामान को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का नेतृत्व एडीजी अपराध दिनेश एमएन ने किया और डीआईजी दीपक भार्गव ने इसकी निगरानी की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जम्मु लाला लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर कई गंभीर मामले दर्ज थे। पुलिस को उसकी गतिविधियों की लगातार जानकारी मिल रही थी। कई दिनों की रैकी के बाद टीम ने टांडा बड़ा क्षेत्र के झोंपड़े में छापा मारकर उसे दबोच लिया।
गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर 2024 में भी देवल्दी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 40 करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग बरामद की थी। हाल ही में जम्मु लाला की लगभग 1 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति पुलिस ने फ्रीज कर दी थी। अब उसकी गिरफ्तारी से पूरे ड्रग नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
पुलिस का कहना है कि जम्मु लाला और उसके साथियों द्वारा संचालित यह फैक्ट्री अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय थी और ड्रग की सप्लाई कई राज्यों में की जाती थी। जांच एजेंसियों को शक है कि इसके तार दिल्ली और महाराष्ट्र तक फैले हो सकते हैं।
फिलहाल, पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



