Delhi Eid Meeting: बकरीद को लेकर पूर्वी जिला पुलिस कार्यालय में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
पूर्वी दिल्ली में ईद-उल-अजहा यानी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक डीसीपी ईस्ट के निर्देश पर आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता एसीपी मधु विहार Tilak Chand Bisht और एसीपी कल्याणपुरी Pawan Kumar ने की।
बैठक में पूर्वी जिले के सभी 11 थाना क्षेत्रों के एसएचओ और एसीपी मौजूद रहे। इसके साथ ही विभिन्न मस्जिद कमेटियों, अमन कमेटियों, आरडब्ल्यूए, एमडब्ल्यूए और धर्मगुरुओं ने भी भाग लेकर अपने विचार रखे। बैठक का मुख्य उद्देश्य ईद-उल-अजहा के दौरान नमाज और कुर्बानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों और सामाजिक समन्वय पर चर्चा करना था।
कमेटी के अध्यक्ष डॉ. परवेज मियां ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित और उचित स्थानों पर ही की जाए। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने पड़ोसियों की भावनाओं का सम्मान करें और कुर्बानी से निकलने वाले अवशेषों को डस्टबिन या एमसीडी कंटेनर में ही डालें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुर्बानी के जानवरों को सुरक्षित तरीके से घरों में बांधकर रखा जाए।
बैठक में मौजूद आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों चन्द्रशेखर, केपी सिंह, लज्जा कौर, पिंकी रानी और अन्य सदस्यों ने बकरीद के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
बैठक का संचालन कर रहे रियाजुद्दीन सैफी ने लोगों से अपील की कि कुर्बानी के जानवरों को बच्चों के हवाले न करें और बच्चों को जानवरों के साथ सड़कों पर घूमने न दें, क्योंकि इससे किसी अनहोनी घटना का खतरा हो सकता है।
लक्ष्मी नगर से आए इस्लामुद्दीन ने बैठक में यह मुद्दा उठाया कि कुर्बानी के जानवरों को ऑटो या फोर व्हीलर में ले जाते समय कई बार पुलिस द्वारा रोका जाता है, इसलिए इस विषय पर भी ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।
बैठक के अंत में एसीपी मधु विहार तिलक चंद विष्ठ ने कहा कि बकरीद के दौरान केवल उन्हीं जानवरों की कुर्बानी की जाए, जिनकी अनुमति है और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि से बचा जाए। वहीं एसीपी कल्याणपुरी पवन कुमार ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी की जाए और किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि सोशल मीडिया पर कुर्बानी से जुड़े वीडियो और फोटो साझा करने से बचें।
बैठक के समापन पर सभी उपस्थित सदस्यों और सामाजिक संगठनों का धन्यवाद किया गया और त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई।



