Dayalpur Murder: दयालपुर में युवक साजिद उर्फ आलू दादा की गोली मारकर हत्या, आपसी रंजिश के एंगल पर जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के दयालपुर इलाके में शुक्रवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय साजिद उर्फ आलू दादा के रूप में हुई है, जो बाबू नगर की गली नंबर-7 का निवासी था। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे दयालपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन घायल साजिद को उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जा चुके थे।
पुलिस जब अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने साजिद को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावर ने साजिद को गोली मारकर मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि मृतक साजिद उर्फ आलू दादा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। इसी कारण पुलिस पुरानी रंजिश और आपराधिक विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस उसके परिचितों, दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



