Homeक्राइमDelhi child murder case: दिल्ली में मासूम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा,...

Delhi child murder case: दिल्ली में मासूम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मामी को सबक सिखाने के लिए भांजे की गला रेतकर हत्या

Delhi child murder case: दिल्ली में मासूम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मामी को सबक सिखाने के लिए भांजे की गला रेतकर हत्या
दिल्ली के बाहरी जिले में स्थित Ranhola Police Station क्षेत्र में 5 साल के मासूम लवकुश की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने बच्चे के ही रिश्तेदार, उसकी बुआ के बेटे रवि कुमार (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी ही मामी को सबक सिखाने के लिए मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि लवकुश के पिता पाचू महतो और मां सरिता देवी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। छोटी-छोटी बातों पर झगड़े के बाद सरिता कई बार घर छोड़कर चली जाती थी। यह बात आरोपी रवि को बिल्कुल पसंद नहीं थी और वह इससे नाराज रहता था।

3 मार्च को भी पाचू और सरिता के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद सरिता घर छोड़कर चली गई। इसी बात से नाराज होकर रवि ने अपनी मामी को सबक सिखाने की योजना बनाई। उसने बदले की भावना में मामी के सबसे छोटे बेटे लवकुश को निशाना बनाया।

आरोपी ने पहले बच्चे का अपहरण किया और फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद यह सुनिश्चित करने के लिए कि बच्चा जीवित न बचे, उसने चाकू से उसका गला भी काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को एक निर्माणाधीन मकान में छोड़ दिया और वहां से फरार हो गया।

बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त Vikram Singh ने बताया कि 5 मार्च को पुलिस को मोहन गार्डन इलाके में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हुआ। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान स्पेशल स्टाफ, स्थानीय पुलिस और विशेष टीमों को लगाया गया। शुरुआत में परिवार ने बच्चे की मां सरिता देवी पर ही शक जताया था, क्योंकि वह झगड़े के बाद घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की, जो Chhapra में मिली। वहां पहुंचकर पूछताछ की गई, लेकिन उसने हत्या से साफ इनकार कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 3 मार्च की फुटेज में करीब 3:30 बजे लवकुश को उसके रिश्तेदार रवि कुमार के साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद बच्चा कहीं दिखाई नहीं दिया। शक के आधार पर पुलिस ने रवि से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद वह टूट गया और उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, वारदात के समय पहने कपड़े और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार के लोग भी गहरे सदमे में हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments