Delhi Crime Update: दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, छेनू गैंग के दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली क्राइम ब्रांच की WR-I टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छेनू गैंग के दो कुख्यात बदमाशों राशिद उर्फ सोनू और फहीम उर्फ डैनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक टाटा पंच कार बरामद की।
पुलिस के अनुसार, 5 मार्च को गुप्त सूचना मिली कि छेनू गैंग से जुड़े अपराधी रघुबीर नगर स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के पास किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर एक ग्रे टाटा पंच कार को रोका।
कार में सवार दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ने में सफलता पाई। तलाशी में कार से एक पिस्टल में 4 जिंदा कारतूस और एक देसी कट्टा में 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
जांच में पता चला कि राशिद उर्फ सोनू पर 21 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जयपुर के विधायकपुरी थाने में दर्ज 70 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी के मामले में फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में अपराध की सक्रियता पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा और सुरक्षा बढ़ेगी।



