Delhi Murder Case: दिल्ली में संपत्ति विवाद को लेकर हुई थी पत्नी की हत्या, आरोपी पति मथुरा से गिरफ्तार
शाहदरा जिले के जगतपुरी इलाके में प्रॉपर्टी विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी पति को उत्तर प्रदेश के मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.75 लाख रुपये नकद और वारदात के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है। इस मामले का खुलासा दिल्ली पुलिस ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच की मदद से किया।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ज्वाइंट सीपी अजीत सिंगला ने बताया कि 30 जुलाई को जगतपुरी थाना क्षेत्र से एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल करने वाले गौरव ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां कोमल सिंह की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घर के ड्राइंग रूम में महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटनास्थल से खून से सनी एक कैंची भी बरामद हुई, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन सुबह बेटे गौरव और बेटी गौरिका के घर से निकलने के बाद पति-पत्नी के बीच जगतपुरी स्थित संपत्ति के रजिस्ट्रेशन को लेकर विवाद हुआ था। शाम तक जब महिला का फोन नहीं उठा तो बेटा रात करीब 9:15 बजे घर पहुंचा, जहां उसने अपनी मां को मृत अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के निर्देशन में एसीपी विवेक विहार, जगतपुरी थाना पुलिस और शाहदरा स्पेशल स्टाफ की करीब 10 टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी निगरानी की और आरोपी की गतिविधियों का विश्लेषण किया।
सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट हुआ कि बच्चों के घर से निकलने के बाद घर में केवल पति और पत्नी मौजूद थे। फुटेज में महिला की चीख सुनाई देने के बाद आरोपी को एक बैग में हथियार छिपाकर घर से बाहर निकलते हुए भी देखा गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना के बाद अपने बैंक खातों से लगभग सात लाख रुपये निकाल चुका था और फरार होने की तैयारी कर रहा था।
तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने आरोपी की लोकेशन दिल्ली से लेकर गोरखपुर तक ट्रैक की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी नेपाल भागने की योजना बना रहा था, लेकिन बाद में उसने अपना रूट बदल दिया और मथुरा पहुंच गया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए मथुरा रेलवे स्टेशन के पास उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी कमल सिंह ने स्वीकार किया कि उसने लंबे समय से चल रहे प्रॉपर्टी विवाद के कारण अपनी पत्नी की हत्या की योजना बनाई थी। उसने पहले से हत्या के लिए हथियार खरीदा था और वारदात के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह परिवार की संपत्तियों पर कब्जा करना चाहता था। पुलिस ने उसके कब्जे से 12.75 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले में फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्य और लगातार निगरानी के चलते आरोपी को फरार होने से पहले गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे इस सनसनीखेज हत्याकांड का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।



