Homeदिल्ली-एनसीआरDelhi Crime: कृष्णा नगर पुलिस ने शातिर स्नैचर को दबोचा, चोरी की...

Delhi Crime: कृष्णा नगर पुलिस ने शातिर स्नैचर को दबोचा, चोरी की दो स्कूटी और पांच मोबाइल फोन बरामद

Delhi Crime: कृष्णा नगर पुलिस ने शातिर स्नैचर को दबोचा, चोरी की दो स्कूटी और पांच मोबाइल फोन बरामद

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की कृष्णा नगर थाना पुलिस ने एक शातिर मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की दो स्कूटियां, पांच चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय आरिफ उर्फ ढक्कन के रूप में हुई है, जो पहले भी लूट, स्नैचिंग और संपत्ति से जुड़े 27 आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ मोबाइल स्नैचिंग के एक मामले का भी खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास दिल्ली पुलिस में तैनात महिला कांस्टेबल रिया से मोबाइल फोन स्नैचिंग की घटना हुई थी। शिकायत के मुताबिक वह मेट्रो स्टेशन के बाहर सार्वजनिक वाहन का इंतजार कर रही थीं, तभी आसमानी रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक उनके हाथ से वनप्लस-7 मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद कृष्णा नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कृष्णा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर विजेंद्र राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच, तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान की। लगातार निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरिफ उर्फ ढक्कन को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने चोरी की स्कूटी का इस्तेमाल कर महिला कांस्टेबल से मोबाइल फोन छीना था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह वेलकम, शास्त्री पार्क, कोतवाली और कृष्णा नगर सहित शाहदरा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल रहा है। उसके खुलासे के बाद पुलिस ने कई मामलों का पर्दाफाश किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी, शिकायतकर्ता का वनप्लस-7 मोबाइल फोन, चोरी का एप्पल आईफोन-11, एक अन्य चोरी की स्कूटी और तीन अन्य चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर वेलकम थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक और स्कूटी को भी बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने वारदात के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों को भी साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी मेट्रो स्टेशन और व्यस्त सड़कों पर सार्वजनिक वाहन का इंतजार कर रहे लोगों को निशाना बनाता था। पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए वह हमेशा चोरी की दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करता था, ताकि वारदात के तुरंत बाद आसानी से फरार हो सके।

दिल्ली पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, स्नैचिंग, वाहन चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध शामिल हैं। फिलहाल पुलिस उसके फरार साथी की तलाश कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह अन्य किन वारदातों में शामिल रहा है। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments