Delhi Crime: प्रीत विहार A ब्लॉक में RWA की 3 करोड़ की जमीन पर कब्जा, समिति ने लगाई अधिकारियों से गुहार
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार A ब्लॉक में जमीन कब्जे का मामला गरमा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि RWA के ऑफिस के साथ की जमीन, जिसकी कीमत तकरीबन 3 करोड़ रुपये आंकी गई है, एक शख्स ने अवैध रूप से अपने कब्जे में ले ली है। बताया जा रहा है कि इस व्यक्ति ने अपनी कोठी बनाने के साथ लगभग 90 गज RWA की जमीन को भी अपने प्लॉट में मिला लिया और उस पर गेट लगाकर ताला डाल दिया।
समिति के सदस्यों ने जब इस मामले पर ऐतराज जताया तो आरोपी शख्स ने न सिर्फ उनकी बात अनसुनी कर दी बल्कि सभी लोगों को गालियां देकर भगा दिया। इसके बाद समिति ने थाना प्रीत विहार, RWA अध्यक्ष, एमसीडी और डीसी ऑफिस तक अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन किसी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिस ने मामले से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वे कब्जा नहीं हटवा सकते। उनका कहना था कि यदि किसी तरह का झगड़ा होता है तो केस दर्ज किया जा सकता है, लेकिन जमीन विवाद का निपटारा एमसीडी करेगी। वहीं एमसीडी अधिकारियों ने भी आश्वासन देकर सोसाइटी के लोगों को वापस भेज दिया। इस मामले को अब एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल पाया।
इस दौरान आरोपी व्यक्ति ने कब्जाई हुई जमीन पर पक्का गेट लगाकर ताला डाल दिया है, जिससे सोसाइटी के सदस्यों की परेशानी और बढ़ गई है। समिति का कहना है कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से लेकर निगम पार्षद और एमसीडी के बड़े अधिकारियों तक कई बार गुहार लगाई, लेकिन कहीं से कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
RWA सदस्यों का कहना है कि यह जमीन सोसाइटी की संपत्ति है और चाहे कुछ भी हो जाए, वे इसे किसी के कब्जे में नहीं जाने देंगे। समिति ने साफ कहा है कि अगर अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



